संत कबीर नगर
जय गुरू देव अनुयायियों ने रविवार को जन जागरण यात्रा निकाली। जन जागरण में अनमोल मानव शरीर में प्रभु को प्राप्त करने का मार्ग दर्शन देकर शुद्ध शाकाहारी बनने के लिए जागरूक किया। भुजैनी से मगहर तक यात्रा के स्वागत का तांता लगा रहा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जय गुरूदेव आश्रम भुजैनी पर प्रात: नौ बजे से अनुयायी एकत्र हुए उसके पश्चात संगत में प्रार्थना किया। बाबा जय गुरू देव का संदेश देकर स्वयं शाकाहारी रहते हुए औरों को भी शुद्ध शाकाहारी बनाने के लिए सार्थक कार्य करने पर बल दिया। अनुयायियों ने जुलूस के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर शाकाहार अपनाने का संदेश दिया। खलीलाबाद पहुंच कर शहर में शाकाहारी का संदेश देकर टोली मगहर रवाना हो गई।
जन जागरण यात्रा का नेतृत्व संगत अध्यक्ष राजाराम यादव कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाबा का संदेश देते कहा कि मनुष्य शरीर बड़े भाग्य से मिला है। अनेक युग बीत जाएंगे दुबारा मिलने वाला नही है। प्रभु ने इस शरीर को किराए पर दिया है और इसकी रक्षा के समान है। मनुष्य व पशु-पक्षी के सुरत यानि आत्मा में अंतर नही है। सभी प्राणी समान है। अंतर है तो मानव शरीर में रास्ता है उन शरीरों में नही है। मनुष्य शरीर से साधना कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नौ दिसंबर को 65 वां वार्षिक भंडारा सत्संग मेला मथुरा में होगा जो तेरह तक चलेगा। संस्था अध्यक्ष पंकज महाराज के नेतृत्व में सभी के हित में शाकाहारी अभियान चलाया जा रहा है।
इस मौके पर रामभवन, राधेकृष्ण चौरसिया, राधेश्याम गोंड, रामअजोर, हरिराम वरुण, संचित प्रसाद, नरपति चौरसिया, ओमप्रकाश, दु:ख हरण चौधरी, राजाराम मौर्य, सूर्य करन चौधरी, इसरावती देवी, प्रभावती देवी, तारा देवी, विनोद कुमार आदि उपस्थित थे।
( सौ : जागरण)





