उपभोक्ता अदालत ने जेट एयरवेज को चार सदस्यों वाले एक परिवार को 71000 रुपए का हर्जाना देने का निर्देश दिया है। उसे यह हर्जाना इसलिए देने का निर्देश दिया गया क्योंकि उसने कनेक्टिंग एयरलाइन को उनके पसंदीदा भोजन के बारे में जानकारी नहीं दी जिसके कारण परिवार को टोरंटो से लंदन की उड़ान के दौरान 10 घंटे से अधिक समय तक भूखा रहना पड़ा।
जिला उपभोक्ता मंच ने जेट एयरवेज को सेवा में दोषी ठहराते हुए कहा कि वह परिवार को मुआवजा प्रदान करे। एयरलाइन ने शर्मा परिवार को कनेक्टिंग एयर कनाडा उड़ान में बैगों की संख्या की जानकारी नहीं दी जिसकी वजह से उसे करीब 4500 रुपए का अतिरिक्त व्यय उठाना पड़ा। उन्हें 2000 रुपए का एक बैग छोड़ना पड़ा।
अदालत ने कहा कि दिल्ली में टिकट बुक किए गए और उसमें लंदन तक ले जाने वाले अनुमति योग्य बैगेज के विवरण थे। जेट एयरवेज शिकायतकर्ता को बैगेज के बारे में सही स्थिति स्पष्ट नहीं करने का दोषी है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्होंने भोजन के मामले में अपनी पंसद शाकाहारी बताई थी, लेकिन जेट ने कनेक्टिंग एयरवेज को इसकी जानकारी नहीं दी जिसके कारण उन्हें 10 घंटे की उड़ान में भूखा रहना पड़ा।





